ताज़ातरीन

दिल्ली चुनाव: कई जगहों पर ईवीएम में खराबी ने मतदाताओं को किया परेशान

दिल्ली विधानसभा चुनाव को लेकर सभी 70 विधानसभा सीटों पर वोटिंग सुबह आठ बजे से हो रही है। इस चुनाव में सभी दलों की तरफ से जीत का दावा किया जा रहा है। सुबह से ही दिल्ली के अलग-अलग बूथों पर मतदाताओं को लंबी लाइनें देखने से यह अंदाजा लगाया जा सकता है कि लोकतंत्र का इस महापर्व में हिस्सा लेने को लेकर लोग कितने उत्साहित हैं।

कई जगहों पर ईवीएम में गड़बड़ी

हालांकि, कुछ जगहों पर ईवीएम में खराबी के चलते मतदाता जरूर परेशान दिखे। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र के सरकार पटेल विद्यालय के बूथ नंबर 114 पर इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन काम नहीं कर रही है।
उधर, यमुना विहार से भी कुछ ऐसी ही खबर आई है। यहां के सी-10 ब्लॉक में ईवीएम में गड़बड़ी सामने आई। जिसके बाद चुनाव आयोग की टेक्निकल टीम मौके पर पहुंची।

गौरतलब है कि दिल्ली विधानसभा का चुनाव एक चरण में हो रहा है। दिल्ली में कुल 1.47 करोड़ मतदाता है। इन कुल मतदाता में से पुरुषों की संख्या 81.05 लाख है, वहीं महिला वोटरों की संख्या 66.80 लाख है। इनमें पहली बार वोट डालने वालों की संख्या 2.32 लाख है। इन चुनावों के नतीजे 11 फरवरी को आने हैं।
चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ प्रदर्शन का केंद्र बने शाहीन बाग में विशेष सुरक्षा बंदोबस्त किए गए हैं।

Most Popular

To Top