ताज़ातरीन

काम को लेकर लोगों को परेशान किया गया तो कर्मचारी और अधिकारी निलंबित होंगे – मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन

रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि सूबे में भ्रष्टाचार अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कर्मचारी और अधिकारी अपनी कार्य पद्धति और रवैया सुधार लें।  ब्लॉक, सीओ, बीडीओ और जिला कार्यालयों पर हमारी नजर है। अभी कई जगहों पर छापे पड़ रहे हैं। थानों में भी कार्रवाई हो रही है। म्यूटेशन के लिए लोगों से पैसे ऐंठने के लिए कार्यालय का महीनों चक्कर लगवाया जाता है। अगर यह कार्य लंबित रहा और लोगों को परेशान किया गया तो कर्मचारी और अधिकारी निलंबित होंगे।

सीएम बरहेट विधानसभा क्षेत्र के सुंदरपहाड़ी में रविवार को दो दिवसीय बैजल मेला के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। बैजल बाबा की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सीएम ने कार्यक्रम की शुरुआत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारे लोगों का जाति, आय, आवास प्रमाण पत्र बनाने का काम भी लंबित नहीं होना चाहिए। जमीन की रसीद का काम शीघ्र होना चाहिए। ये काम अगर समयावधि में नहीं होंगे तो सजा भुगतने के लिए तैयार रहें। सीएम ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों का राज्य है। सरकार की तरफ से दी जा रही योजनाओं का लाभ तभी मिलेगा, जब आप लोग भी अपने कर्तव्यों का निवर्हन करेंगे। जहां सरकार की योजनाओं में गड़बड़ी की जा रही है, वहां पुरजोर विरोध करें। पदाधिकारी हों या ठेकेदार, अब किसी के लिए राज्य में गड़बड़ी करना संभव नहीं होगा।

Most Popular

To Top