ताज़ातरीन

जम्मू काश्मीर : सेना के जवानों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बर्फ में दबे तारिक को सुरक्षित निकाला बाहर

जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बर्फबारी में तारिक इकबाल नामक एक नागरिक फंस गया था। सेना के जवानों ने जानकारी मिलते ही लच्छीपूरा में रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर बर्फ में दबे तारिक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया। तबीयत ठीक होने पर बाद में उसे हॉस्पिटल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। यह घटना बीते 14 जनवरी की है।

इससे पहले कश्मीर में एक महिला को प्रसव संबंधी समस्या होने पर भारतीय सेना के कल्याणकारी दल ‘खैरियत’ के जवानों ने कमर तक गहरी बर्फ में पैदल चलकर महिला को समय पर अस्पताल पहुंचाया, जहां उसने एक स्वस्थ बच्चे को जन्म दिया।

जानकारी मिलते ही तुरंत तीन दल बनाए गए। एक दल ने प्रसूता महिला के लिए सड़क का रास्ता साफ किया, दूसरे दल ने हेलिपैड तक बर्फ साफ की और तीसरे ने कनिसपोरा तक बर्फ हटाकर बारामुला जिला मुख्यालय से क्षेत्र को जोड़ने वाला रास्ता साफ किया।
सौ से अधिक जवानों और 25 नागरिकों ने छह घंटे चले अभियान में हिस्सा लिया और महिला को स्ट्रेचर पर लिटाकर कमर तक गहरी बर्फ में पैदल ही उपलोना तक ले जाया गया। उपलोना पहुंचकर महिला को सेना की एम्बुलेंस में सेना के एक चिकित्सा अधिकारी के साथ बारामुला अस्पताल भेज दिया गया।
सेना के जवान रास्ते भर एम्बुलेंस के आगे बर्फ हटाते रहे। सेना का दल मीर के परिवार के साथ तब तक रहा जब तक महिला ने बच्चे को जन्म नहीं दे दिया।

Most Popular

To Top