ताज़ातरीन

निजी रूप से मैं राहुल गांधी के खिलाफ नहीं हूं, वे अच्छे इंसान हैं, सभ्य हैं, लेकिन युवा भारत पांचवीं पीढ़ी के वंशज को पसंद नहीं करता है.” – इतिहासकार रामचंद्र गुहा

नई दिल्ली(18 जनवरी) :  इतिहासकार रामचंद्र गुहा ने केरल में एक कार्यक्रम में कहा कि राहुल गांधी का नेतृत्व प्रधानमंत्री मोदी को फायदा ही पहुंचाएगा। केरल लिटरेचर फेस्टिवल में बोलते हुए गुहा ने केरल के लोगों से सवाल पूछा कि उन्होंने राहुल गांधी का चुनाव क्यों किया। कोझिकोड में आयोजित केरल लिटरेचर फेस्टिवल में रामचंद्र गुहा ने कहा कि, “आपने राहुल गांधी को संसद क्यों भेजा है। निजी रूप से मैं राहुल गांधी के खिलाफ नहीं हूं, वे अच्छे इंसान हैं, सभ्य हैं, लेकिन युवा भारत पांचवीं पीढ़ी के वंशज को पसंद नहीं करता है.” रामचंद्र गुहा गांधी परिवार की वंशवाद की परंपरा की ओर इशारा कर रहे थे।

रामचंद्र गुहा ने कहा कि पांचवीं पीढ़ी के राहुल गांधी का ‘कठोर परिश्रमी’ और ‘सेल्फ मेड’ नरेंद्र मोदी के सामने कोई मुकाबला नहीं है। सत्र में मौजूद केरलावासियों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा केरल ने भारत के लिए कई बेहतरीन काम किए हैं, लेकिन आपने संसद के लिए राहुल गांधी को चुनकर एक विनाशकारी कार्य किया है। राहुल गांधी को 2019 के लोकसभा चुनाव में गांधी परिवार के गढ़ उत्तर प्रदेश के अमेठी में हार मिली थी जबकि केरल के वायनाड से उन्हें जीत मिली थी।
रामचंद्र गुहा ने कहा कि अगर मलयालियों ने 2024 में भी राहुल गांधी को फिर से चुनने की गलती तो आप नरेंद्र मोदी को फायदा पहुंचाएंगे। अपनी बात को विस्तार से समझाते हुए रामचंद्र गुहा ने कहा कि असली बढ़त यह है कि वह राहुल गांधी नहीं हैं।
नरेंद्र मोदी और राहुल गांधी का अंतर समझाते हुए इतिहासकार रामचंद्र गुहा ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने अपनी शख्सियत खुद बनाई है। वे जबर्दस्त रूप से परिश्रमी है और यूरोप में कभी छुट्टियां नहीं गुजारते हैं।
रामचंद्र गुहा ने कहा, “नरेंद्र मोदी ने अपने दम पर अपना व्यक्त्तिव बनाया है। उन्होंने एक राज्य को 15 साल तक चलाया है, उन्हें प्रशासनिक अनुभव है, वो महनती हैं। राहुल गांधी पर अप्रत्यक्ष रूप से तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि वे यूरोप में कभी छुट्टियां नहीं लेते हैं। रामचंद्र गुहा ने कहा कि वे ये सारी बातें बेहद ही गंभीरता के साथ कह रह हैं।

Most Popular

To Top